हिमालय की गोद में बसा मुनस्यारी हमेशा से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। जो शांति से अपने दिन बिताना चाहते हैं उनके लिए मुनस्यारी जगह है। यहां आप भीड़ से दूर प्रकृति के साथ समय बिता सकते हैं।
कुमाऊँ मंडल के पिथौरागढ़ जिले में है मुनस्यारी
उत्तराखंड के इस खूबसूरत क्षेत्र ने हाल ही में टूरिज्म सर्वे अवॉर्ड में बेस्ट माउंटेन डेस्टिनेशन का अवॉर्ड जीता है। यह पूरे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुनस्यारी जाने के लिए सबसे अच्छा स्थान मार्च से जून और मध्य सितंबर से अक्टूबर तक है। मुनस्यारी, पिथौरागढ़ जिले में स्थित है।
यहां पहुंचने के लिए आप काठगोदाम या हल्द्वानी से टैक्सी किराए पर ले सकते हैं। यात्रा रोमांच और चुनौती से भरी है। यहां मौसम कब बदल जाए पता नहीं चलता। इसलिए सावधान रहना भी जरूरी है।
मुनस्यारी में नंदा देवी मंदिर, ट्राइबल हेरिटेज म्यूजियम, बिरथी जलप्रपात और माहेश्वरी कुंड सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर परिवार के साथ सुकून के पल बिताए जा सकते हैं। अब मुनस्यारी को बेस्ट माउंटेन डेस्टिनेशन का खिताब भी मिल गया है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार के पर्यटन के दूरगामी दृष्टिकोण और उत्तराखंड को बेहतर राज्य बनाने में लगे सभी लोगों को समर्पित है।
नई दिल्ली में आयोजित पर्यटन शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव और चारधाम यात्रा देश में पर्यटन उद्योग के लिए एक नया मानक स्थापित करके पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
योग उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं और वे ज्यादातर पूरी हो चुकी हैं। ऋषिकेश में एक से सात मार्च तक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें देश के प्रसिद्ध योग संस्थान ईशा फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, कृष्णामाचारी योग मंदिरम, कैवल्यधाम, शिवानंद आश्रम के योगाचार्य भाग लेंगे। दूसरी ओर चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है।