हम सब जानते हैं कि पहाड़ का जीवन आसान नहीं होता और चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन यहां की बेटियां मुकाम हासिल कर रही हैं। अपने मजबूत जज्बे से हर चुनौती को जीतकर सफलता का नया इतिहास रचा।
चमोली में शारीरिक शिक्षा शिक्षिका के पद पर है कार्यरत
ऐसी ही एक शख्सियत हैं बबीता जोशी, जो चमोली जिले की रहने वाली हैं। उन्हें अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। अब बबीता जोशी इस राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
बबीता जोशी चमोली जिले के नंदनगर कुंदनपुर सेंटी की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह चमोली जिले के राजकीय इंटर कॉलेज कंडई नंदनगर में शारीरिक शिक्षा शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन चैम्पियनशिप 31 जनवरी से 6 फरवरी तक गांधीनगर गुजरात में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बबीता जोशी ने एक मैच भी खेला है।
बबीता, एक बहुत ही बहुमुखी व्यायाम शिक्षिका हैं, इससे पहले उन्हें एएनओ एसोसिएट एनसीसी अधिकारी के रूप में भी नियुक्त किया गया था। इस दौरान उन्होंने बैडमिंटन में अच्छा प्रदर्शन कर रजत पदक जीता, वहीं थ्रो बॉल में स्वर्ण पदक हासिल करने में सफल रहीं।
अंतिम दिन देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में राज्य स्तरीय सिविल सेवा की महिला टीम का चयन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज कंडई की बबीता जोशी ने भी अपना स्थान पक्का कर लिया है।
शिक्षा विभाग के मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली कुलदीप गैरोला व प्राचार्य राजकीय इंटर कॉलेज कंडई ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बबीता जोशी को बधाई दी। स्कूल में पढ़ने वाले छात्र भी अपने शिक्षक की उपलब्धि से खुश हैं।