उत्तराखंड में मौसम ने करवट लेते ही ठंड ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। अब पहाड़ी जिलों से मैदानी इलाकों में ठंड की लहर है। सुबह और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
ऊँचे इलाको में बर्फबारी तो निचले इलाको में बारिश बढ़ाएगी ठंड
इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है. इससे तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
इसके पीछे मुख्य कारण राज्य में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर बारिश और बर्फबारी के रूप में देखने को मिलेगा। पहाड़ी जिलों बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में आज हिमपात की संभावना है। विक्षोभ के कारण अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो यहां मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। हालांकि सुबह और शाम कोहरा छा सकता है। ज्यादातर शहरों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
रविवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा, हालांकि पहाड़ों पर मध्यम हवाओं के बीच ठिठुरन बढ़ गई है. ठंड का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में दो से तीन दौर की बर्फबारी हो चुकी है।
कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में भी तापमान में गिरावट आई है। सोमवार से प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में और गिरावट आएगी।